कर्मा पूजा में उमड़ा बहनों का स्नेह, डॉ. इरफान अंसारी का फूल-मालाओं से स्वागत
मंत्री बोले- बहन-बेटियों का सम्मान झारखंड की संस्कृति और संस्कार का हिस्सा।
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। प्रकृति, हरियाली और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक कर्मा पूजा मंगलवार को जामताड़ा में उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कर्मा पूजा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और बहनों से आशीर्वाद लेते हुए उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। पारंपरिक गीत-संगीत, पूजा-अर्चना और करम नृत्य से वातावरण लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचने पर महिलाओं ने डॉ. इरफान अंसारी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। महिलाओं ने उन्हें अपना भाई बताते हुए कहा कि “भैया हो तो डॉ. इरफान अंसारी जैसा”, जो सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहते हैं और बहनों की आवाज उठाते हैं।
बहनों के आत्मीय स्वागत पर मंत्री ने कहा कि उनका स्नेह और विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि कर्मा पूजा केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का उत्सव है। “जहां कर्म है, वहीं धर्म है।”
महिलाओं के सम्मान पर उन्होंने कहा कि झारखंड में बहन-बेटियों का सम्मान संस्कृति और संस्कार का हिस्सा है। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अधिकार दिलाना ही सच्चा सम्मान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने कहा कि कर्मा पूजा झारखंड की समृद्ध आदिवासी एवं लोक संस्कृति की महत्वपूर्ण पहचान है। उन्होंने लोगों से अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का आह्वान किया।






