दुर्गापूजा-दीपावली में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर शहर का सर्वे।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा।
आगामी दुर्गापूजा एवं दीपावली पर्व को लेकर जामताड़ा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी गई है। पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए मंगलवार को जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा और इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बताया गया कि हाल ही में जामताड़ा थाना परिसर में एसडीपीओ एवं थाना प्रभारी के साथ जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक हुई थी। बैठक में आगामी पूजा - पर्व के दौरान व्यापारियों की सुरक्षा, बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई थी। इसी बैठक में लिए गए निर्णय के तहत मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का संयुक्त रूप से सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया। अधिकारियों एवं चैंबर प्रतिनिधियों ने पर्व के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए उन स्थानों की जानकारी ली, जहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता हो सकती है। साथ ही बाजार क्षेत्र में यातायात को सुचारु रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति से निपटने को लेकर भी आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।सीडीपीओ वसीम रजा ने कहा कि पर्व के दौरान व्यापारियों और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। सर्वे के आधार पर आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि चिह्नित स्थानों पर जरूरत के अनुसार पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की जाएगी। बाजार क्षेत्रों में नियमित गश्ती और निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पुलिस प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए पर्व के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की बात कही।






