मेजर ध्यानचंद जयंती पर जामताड़ा के प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। नगर के आजादपाड़ा स्थित माय छोटा प्ले स्कूल के प्रांगण में शनिवार देर शाम जामताड़ा जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न खेल विधाओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी चमेली देवी, जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे, जिला कुश्ती संघ के वरीय उपाध्यक्ष झुमा गण, सचिव प्रदीप कुमार दुबे एवं जिला गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुसूदन दास ने संयुक्त रूप से मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया।
सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में कुश्ती के राष्ट्रीय खिलाड़ी मोतीलाल यादव एवं भीम यादव, कैरम की राष्ट्रीय खिलाड़ी मौसम कुमारी एवं सौनल कुमारी, ताइक्वांडो के राष्ट्रीय खिलाड़ी समृद्ध आर्य, अनन्या कुमारी एवं महुआ बाउरी, गतका की राष्ट्रीय खिलाड़ी प्राची गुप्ता, श्रेया श्री एवं प्रिंसी गुप्ता, बैडमिंटन के राज्य स्तरीय खिलाड़ी पीयूष रंजन मुर्मू एवं सुरजीत दत्ता तथा योग के राज्य स्तरीय खिलाड़ी मीरा पंडित एवं सोमनाथ दत्ता शामिल रहे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि चमेली देवी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने हॉकी के क्षेत्र में भारत को गौरवान्वित किया और उनकी जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जामताड़ा को गौरवान्वित करेंगे।
जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने कहा कि संघ का प्रयास है कि जिले के खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जामताड़ा और झारखंड का प्रतिनिधित्व कर खेल जगत में जिले की अलग पहचान स्थापित कर सकें।






