स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, स्कूल बसों व वैन की हुई सघन जांच
MVI और रोड सेफ्टी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर कागजात से लेकर ब्रेक-लाइट तक खंगाली
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने को लेकर जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को जामताड़ा स्थित एक स्कूल परिसर में स्कूल बसों और वैन के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। मोटरयान निरीक्षक (MVI) बरकत अंसारी और रोड सेफ्टी टीम के संयुक्त नेतृत्व में चलाए गए अभियान से स्कूल वाहन संचालकों में हड़कंप रहा।
जांच के दौरान बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। टीम ने वाहनों का वैध इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी कागजातों की जांच की। इसके अलावा वाहनों की तकनीकी स्थिति भी परखी गई। ब्रेक, लाइट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि बच्चों की आवाजाही में किसी तरह का जोखिम न रहे।
अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन किया जाए। वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराने, सभी दस्तावेज अद्यतन रखने और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने की हिदायत दी गई।
MVI और रोड सेफ्टी टीम ने चेतावनी दी कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में वाहन मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने अथवा नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन मालिक के साथ संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान MVI बरकत अंसारी, रोड सेफ्टी माज आलम, सहायक सतीश कुमार सिंह और बिमलेश कुमार मौजूद थे।






