हेलमेट नहीं पहनने से सिर में आई गंभीर चोट, थाना प्रभारी ने वाहन किया जब्त।
चारपहिया वाहन की टक्कर से चौकीदार समेत दो घायल,
रिपोर्ट,:उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर पांडेयडीह-गिरिडीह मुख्य पथ पर दुलाडीह के समीप एक सड़क हादसे में नारायणपुर थाना के चौकीदार लक्ष्मण तूरी और उनके चाचा लालतू तूरी घायल हो गए। दोनों मोटरसाइकिल से अपने गांव मिरगा लौट रहे थे। इसी दौरान मुरलीपहाड़ी की ओर से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण तूरी थाना में ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने चाचा लालतू तूरी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। दुलाडीह स्थित पेट्रोल पंप और तिवारी होटल के पास पहुंचते ही उनकी बाइक चारपहिया वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया गया कि हादसे के समय बाइक सवार दोनों लोगों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। ऐसे में सड़क दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि हेलमेट पहना होता तो सिर की चोट की गंभीरता को कम किया जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल चारपहिया वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय स्तर पर वाहन को मिरगा गांव निवासी विशाल मंडल का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि चारपहिया वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घायलों का इलाज फिलहाल नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लक्ष्मण तूरी और लालटू तूरी का इलाज चल रहा है। उनके स्वस्थ होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।







