रजरप्पा ब्लॉक-2 खदान परियोजना खोलने की कवायद तेज, धवैया में ग्रामसभा आयोजित
10 वंशावलियों की हुई जांच, सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण में सहयोग की ग्रामीणों से अपील
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। रजरप्पा ब्लॉक-2 खुली खदान परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को धवैया पंचायत भवन में अंचल कार्यालय, गोमिया द्वारा रैयतों से वंशावली निर्गत करने के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर ग्रामसभा आयोजित की गई। जिसमें रैयतों द्वारा प्रस्तुत वंशावलियों में दर्ज पारिवारिक सदस्यों के नाम और उनके आपसी संबंधों का सत्यापन किया गया। बैठक में करीब 100 ग्रामीण शामिल हुए।
एक-एक वंशावली की हुई जांच
ग्रामसभा का संचालन धवैया पंचायत के मुखिया तेजलाल महतो ने किया। प्रस्तुत वंशावलियों में दर्ज नामों को क्रमवार पढ़कर ग्रामीणों को सुनाया गया। संबंधित रैयतों और ग्रामीणों से नाम, पारिवारिक संबंध अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की आपत्ति या त्रुटि होने पर अपनी बात रखने को कहा गया। ग्रामीणों से प्राप्त आपत्तियों और आवश्यक सुधारों को अंचल कार्यालय, गोमिया के कर्मियों ने अभिलेख में दर्ज किया।
पांच वंशावलियों का सत्यापन फिलहाल रोका गया
ग्रामसभा में कुल 10 वंशावली आवेदनों और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। इनमें पांच वंशावलियों में आपसी विवाद अथवा असहमति सामने आने के कारण उनके सत्यापन और निर्गमन की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई। संबंधित रैयतों को आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ दोबारा आवेदन देने की सलाह दी गई। वहीं, शेष पांच वंशावलियों में मामूली त्रुटियां पाई गईं, जिन्हें सुधारने के लिए आवेदकों से शुद्धि-पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया।
पंचायत भवन में खुलेगा ब्लॉक-2 का शिविर कार्यालय
ग्रामसभा के दौरान सीसीएल प्रबंधन ने मुखिया और ग्रामीणों के सहयोग के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों की सुविधा के लिए पंचायत भवन में ब्लॉक-2 शिविर कार्यालय के लिए एक कक्ष उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। कक्ष उपलब्ध होने के बाद पंचायत भवन में प्रतिदिन एक से दो घंटे शिविर कार्यालय संचालित किया जाएगा। इससे ग्रामीण वंशावली में सुधार, भूमि संबंधी अभिलेखों सहित अन्य समस्याओं को लेकर सीसीएल से सीधे संपर्क कर सकेंगे।
सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण में सहयोग की अपील
सीसीएल प्रबंधन की ओर से ग्रामीणों से सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण में सहयोग करने और सर्वेक्षण दल को सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई। बताया गया कि सर्वेक्षण के माध्यम से गांव की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन कर भविष्य में विकास संबंधी गतिविधियों की योजना बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही परिवारों की समुचित जानकारी और वंशावली तैयार करने में भी सुविधा होगी।
पुनर्वास और रोजगार की प्रक्रिया में मिलेगी सुविधा
ग्रामीणों को बताया गया कि भूमि एवं पारिवारिक अभिलेखों के सत्यापन और आवश्यक दस्तावेजों के संकलन के बाद कोल इंडिया की प्रचलित पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति तथा अन्य लागू नियमों के अनुसार पात्र लोगों को रोजगार, मुआवजा और अन्य देय लाभ से संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। ब्लॉक-2 परियोजना के विकास और संचालन से स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना भी जताई गई।
ग्रामसभा में इनकी रही उपस्थिति
ग्रामसभा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में धवैया मुखिया तेजलाल महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर गोमिया अंचल कार्यालय की ओर से राजस्व उपनिरीक्षक रवि कुमार व अंचल अमीन भागीरथ महतो, सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की ओर से ब्लॉक-2 प्रभारी सह स्टाफ अधिकारी (भू एवं राजस्व) बिनोद कुमार, स्टाफ अधिकारी (यो. एवं परि.) रवि कुमार, प्रबंधक (पर्यावरण) विवेक द्विवेदी, सहायक प्रबंधक (खनन) अविनाश कुमार, सहायक प्रबंधक (भूगर्भ) साक्षी राय, वरिष्ठ सर्वेयर सुशील कुमार सहित आरिफ अंसारी, प्रेम बेसरा, चंद्रकांत सिंह तथा ग्रामीणों की ओर से दीपक करमाली, धनेश्वर कुमार, सनु मांझी, सहदेव कुमार महतो, राथो मांझी, दिनेश किस्कू सहित कई ग्रामीण शामिल थे।






