BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

खनवा में जमीन विवाद सुलझाने को हुई पंचायत, लंबी चर्चा के बाद भी नहीं निकला समाधान


पलामू (खनवा)। सदर थाना क्षेत्र के ग्राम खनवा में बहुचर्चित जमीन विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से रविवार को पंचायत बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों, ग्रामीणों और अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया। काफी देर तक चली चर्चा और मध्यस्थता के बावजूद दोनों पक्षों के बीच किसी अंतिम सहमति पर नहीं पहुंचा जा सका। इसके बाद मामले के समाधान के लिए जल्द ही एक और बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को अनारवा देवी, जितन महतो और नरेंद्र कुमार मेहता के बीच पैतृक जमीन तथा एक अर्धनिर्मित मकान के सौदे को लेकर 30 लाख रुपये में एग्रीमेंट हुआ था। बताया गया कि इस सौदे के तहत 20 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दिए गए थे। इकरारनामे में तय शर्त के अनुसार दो महीने के भीतर जमीन की रजिस्ट्री कराई जानी थी। लेकिन निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया।

विवाद बढ़ने के बाद मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और न्यायालय तक पहुंच गया। रविवार को स्थानीय स्तर पर पंचायत के माध्यम से मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया गया। बैठक में दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे और पक्ष रखे।

बैठक के दौरान जीतन मेहता ने अपना पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा कि एग्रीमेंट में रजिस्ट्री के लिए निर्धारित दो महीने की समय-सीमा समाप्त हो चुकी है।
वहीं, पंचायत में मौजूद पंचों और दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने मामले को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए काफी प्रयास किया। जमीन के दस्तावेज, एग्रीमेंट और दोनों पक्षों की बातों पर चर्चा की गई, लेकिन कोई सर्वमान्य समाधान नहीं निकल सका। अंततः दोनों पक्षों की सहमति से यह निर्णय लिया गया कि विवाद के समाधान के लिए जल्द ही दोबारा पंचायत बैठक बुलाई जाएगी।
बैठक में अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह, नरेंद्र मेहता, अरविंद महतो, सहदेव महतो और रामाशीष महतो तथा दूसरे पक्ष की ओर से अधिवक्ता बिरेन्द्र प्रसाद, जीतन मेहता, विजय मेहता, दिनेश्वर मेहता और अजय मेहता सहित दर्जनों स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पंचायत में उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि अगली बैठक में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकेगा।