BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

लगातार बारिश के चलते पलामू के सभी स्कूल 3 सितंबर तक बंद, KG से 12वीं तक की पढ़ाई स्थगित


 पलामू: जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी विद्यालयों में KG से 12वीं कक्षा तक का पठन-पाठन 3 सितंबर 2026 तक स्थगित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, पलामू की ओर से जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची द्वारा 2 और 3 सितंबर को जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण कई शहरी एवं ग्रामीण विद्यालयों के परिसर तथा कमरों में पानी जमा होने और विद्यालयों तक आवागमन बाधित होने की सूचनाएं भी प्राप्त हो रही थीं।
विद्यालय प्रबंधन को आदेश का अनुपालन करने का निर्देश
आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34 के तहत जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा KG से 12वीं तक का शिक्षण कार्य तत्काल प्रभाव से 3 सितंबर तक स्थगित रहेगा। विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
हालांकि, आदेश में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की उपस्थिति से संबंधित निर्देश भी जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित प्रधानाध्यापकों, शिक्षा पदाधिकारियों समेत जिले एवं राज्य स्तर के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
लगातार बारिश और जलजमाव को देखते हुए प्रशासन के इस निर्णय से स्कूली बच्चों को राहत मिली है।