मछली पकड़ने निकले जहरूदीन की डोका अहरा में मिली लाश, तैरना जानते थे फिर कैसे डूबे?
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन गांव स्थित डोका अहरा में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी में एक 60 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान कोरीडीह वन निवासी जहरूदीन मियां के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, जहरूदीन मियां गुरुवार रात मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने डोका अहरा के पानी में उनका शव तैरता देखा। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और नारायणपुर थाना पुलिस को दी गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, जहरूदीन मियां को तैरना आता था। ऐसे में उनकी पानी में डूबकर मौत होने की बात को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर थाना परिसर ले आई। मृतक के पुत्र की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।






