विश्रामपुर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से डीएस-4, बामसेफ एवं बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की 20वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 9 अक्टूबर को विश्रामपुर डाक बंगला परिसर में पलामू जोन स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता को लेकर रविवार, 4 अक्टूबर को विश्रामपुर में बसपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पुण्यतिथि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता युद्धस्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। बैठक में अधिक से अधिक लोगों को बहुजन समाज के विचारों से जोड़ने तथा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड बसपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि प्रदेश महासचिव सह विश्रामपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अभिमन्यु कुमार सिंह, पलामू जोन प्रभारी सह हुसैनाबाद नगर अध्यक्ष अजय कुमार भारती तथा पलामू जिला अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता वीरेंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन डॉ. साबिर अंसारी ने किया। इस दौरान अमेश राम, पूर्व अध्यक्ष शिवपुकार राम, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बंशी चौधरी, शिवनाथ पासवान, मंदीप राम, सूर्यदेव यादव, राजेंद्र राम, इसलाम अंसारी, श्रवण राम, प्रभु भुईयां, अंजय राम, रामकयास पासवान, अरुण श्रीवास्तव, गोविंद चौधरी, मदन राम, राजू राम तथा बसपा युवा नेता राहुल दुबे समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।







