मलय नदी पर पुल के निर्माण की मांग, जदयू प्रखंड अध्यक्ष ने डीसी को सौंपा पत्र
मेदिनीनगर: रजहरा जाने वाले मार्ग में लहलहे के समीप मलय नदी पर स्थित पुल के निर्माण की मांग को लेकर जनता दल यूनाइटेड के प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण तिवारी ने पलामू उपायुक्त को पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि यह पुल लहलहे से लेस्लीगंज क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ता है, लेकिन लंबे समय से पुल की स्थिति पर किसी जनप्रतिनिधि का पर्याप्त ध्यान नहीं है।
प्रवीण तिवारी ने उपायुक्त से मामले को संज्ञान में लेकर पुल का निर्माण कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो और किसी अप्रिय घटना की आशंका से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि यह पुल डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र और पलामू लोकसभा क्षेत्र के सीमा क्षेत्र में आता है तथा इसी मार्ग से भारत सरकार के पावर ग्रिड सबस्टेशन तक भी आवागमन होता है। इसके बावजूद पावर ग्रिड के पदाधिकारियों का भी इस ओर ध्यान नहीं है।
उन्होंने पलामू सांसद से भी पुल की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जल्द निर्माण कराने की पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण होने से आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।






