BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

नौडीहा बाजार में प्रतिबंध के बावजूद अवैध बालू खनन और भंडारण, कार्रवाई के निर्देश


नौडीहा बाजार (पलामू)। राज्य सरकार द्वारा बालू खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद नौडीहा बाजार प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से बालू खनन एवं भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, प्रखंड की पंचायत डगरा अंतर्गत रायबार गांव में नदी घाट से ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू उठाव किया जा रहा है तथा उसका अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा है।
बताया जाता है कि खनन विभाग के नियमों की अनदेखी करते हुए बालू का कारोबार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद बालू का उठाव और भंडारण जारी है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार 15 अक्टूबर तक बालू खनन पर रोक है। इसके बावजूद नौडीहा बाजार क्षेत्र में कथित रूप से बालू उठाव किए जाने की शिकायत सामने आई है।
इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी, पलामू सुनील कुमार ने कहा कि नियम के विरुद्ध बालू का भंडारण किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं प्रखंड राजस्व विभाग के समन्वय से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।