BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कंचन बांध की बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से शीघ्र निर्माण की मांग


हुसैनाबाद:कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद (पलामू): हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत ग्राम कंचन बांध, पंचायत पथरा की मुख्य सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि हल्की बारिश होते ही यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है और लोगों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से होकर प्रतिदिन स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों तथा आम लोगों का आवागमन होता है। बारिश के दिनों में बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है, वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन जाता है। कई बार वाहन सड़क पर फंस जाते हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे लोगों में निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं  वरीय पदाधिकारियों से मांग की है कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव की समस्या है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस  सड़क का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि लोगों को आवागमन की मूलभूत सुविधा मिल सके।