श्रावणी मेले में खोया पाया केंद्र बना असहाय कांवरियों का संबल,
• डीसी-एसपी ने नेपाल व बिहार के श्रद्धालुओं को दिलाया मुफ्त रेलवे पास
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में बाबा नगरी आए असहाय और भूले-भटके श्रद्धालुओं के लिए आर.एल. सर्राफ स्कूल परिसर स्थित केंद्रीय खोया पाया केंद्र सह अंतर्राज्यीय सूचना सहायता केंद्र मदद का बड़ा सहारा बन रहा है।
गुरुवार 06 अगस्त को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से इस केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने केंद्र में पहुंचकर नेपाल और बिहार से आए कई असहाय श्रद्धालुओं से मुलाकात की। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें सुरक्षित घर भेजने के लिए निःशुल्क रेलवे पास और रास्ते के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया।
खोया पाया केंद्र के माध्यम से मेला क्षेत्र में अपने परिजनों से बिछड़े और आर्थिक रूप से लाचार कांवरियों को भोजन, ठहरने और गंतव्य तक पहुंचने की यात्रा सहायता भी दी जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे 32 किलोमीटर मेला क्षेत्र में 34 सूचना सह सहायता केंद्र और मुख्य मेला क्षेत्र में 10 मातृत्व विश्राम गृह संचालित किए जा रहे हैं। ये सभी केंद्र भूले-भटके श्रद्धालुओं के लिए तत्काल मदद उपलब्ध करा रहे हैं।
डीसी ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले हर एक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुलभ यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो कांवरिया भीड़ में बिछड़ जाते हैं या असहाय हो जाते हैं, उन्हें इस शिविर के माध्यम से त्वरित सहायता देकर घर भेजने की मुकम्मल व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि खोया-पाया केंद्र में स्वयंसेवक लगातार सक्रिय हैं ताकि किसी भी बिछड़े हुए श्रद्धालु को जल्द से जल्द उनके परिवार से मिलाया जा सके या उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक रवाना किया जा सके।
उपायुक्त ने जनसम्पर्क विभाग द्वारा संचालित सभी सूचना केंद्रों और मातृत्व विश्राम गृहों में हो रही सेवा भाव की सराहना की।
इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी राहुल भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।




.jpeg)

