BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

स्वतंत्रता दिवस को लेकर डीसी की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय बैठक, बेहतर कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

विधि-व्यवस्था और मुख्य समारोह की तैयारियों पर जोर बैठक में के.के.एन. स्टेडियम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने ध्वजारोहण का समय, परेड में शामिल टुकड़ियों का पूर्वाभ्यास, राष्ट्रगान का पूर्वाभ्यास और मुख्य स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, अग्निशमन और विद्युत आपूर्ति की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दिया गया।

उपायुक्त ने नगर निगम को शहर को पूर्ण रूप से स्वच्छ एवं सुंदर‌ बनाने के निर्देश दिए। साथ ही वीर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कराने को कहा गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह प्रभात फेरी और संध्या में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति से ओत-प्रोत होगा।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी कार्यों को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, ट्रैफिक डीएसपी, हेडक्वाटर डीएसपी, अग्निशमन पदाधिकारी, एलडीएम, सार्जेण्ट मेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।