BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

श्रावणी मेले में मातृत्व विश्राम गृह बनी महिला कांवरियों का सहारा, सेवा भाव से जीता दिल


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

बैद्यनाथधाम : राजकीय श्रावणी मेला-2026 में बाबा नगरी आने वाली लाखों महिला श्रद्धालुओं के लिए देवघर जिला प्रशासन की अनूठी पहल 'मातृत्व विश्राम गृह' सुरक्षा और सुविधा का कवच बनकर सामने आई है।

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा मेला क्षेत्र के 10 चिन्हित महत्वपूर्ण स्थलों पर आधुनिक मातृत्व विश्राम गृह संचालित किए जा रहे हैं। 'सेवा भाव सर्वोपरि' के संकल्प के साथ यहां तैनात महिला कर्मी 24 घंटे श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर हैं।

इन विश्राम गृहों में महिला कांवरियों और उनके मासूम बच्चों की हर जरूरत का ध्यान रखा जा रहा है:  
- बच्चों के लिए : दूध, बिस्कुट, चॉकलेट और डायपर की निःशुल्क व्यवस्था.  
- महिलाओं के लिए : सेनेटरी पैड, पेयजल और 24 घंटे फर्स्ट एड की सुविधा.  
- विशेष सेवा : थकान और पैर दर्द दूर करने के लिए महिला कर्मियों द्वारा सेवा.

विश्राम गृहों का मुख्य उद्देश्य महिला श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गरिमापूर्ण माहौल देना है। यहां महिला सूचना कर्मी न केवल मार्गदर्शन कर रही हैं, बल्कि माताओं को बच्चों की देखभाल के लिए एकांत और आरामदायक स्थान भी उपलब्ध करा रही हैं।

सेवा पाकर महिला कांवरियों ने जिला प्रशासन की सराहना की:

स्नेहा और कृति बम, भागलपुर, बिहार - सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलने के बाद शरीर में दर्द था। कर्मियों ने आगे बढ़कर हमारा सहयोग और उपचार किया। यह आत्मीयता हमेशा याद रहेगी।

सुष्मिता हलदर, पूजा बैनर्जी, ऐश्वर्या हलधर, कोलकाता - "मेला क्षेत्र में महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड और बच्चों के लिए डायपर की निशुल्क व्यवस्था देखकर सुखद आश्चर्य हुआ। प्रशासन की यह संवेदनशीलता सराहनीय है।"

निकिता और मंजू बम, मेरठ, उत्तर प्रदेश - "इतनी भीड़ के बावजूद कर्मियों का सेवा भाव अद्भुत है। महिला कर्मियों ने हमारे पैर खुद से दबाकर दर्द दूर किया। यह सहयोग हमारे कष्ट को भूलने जैसा था।"

जिला प्रशासन ने कहा है कि श्रावणी मेला में आने वाली हर महिला श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मातृत्व विश्राम गृह इसी दिशा में एक ठोस कदम है।