संत मरियम आवासीय विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
विद्यालय और अभिभावक के समन्वय से ही निखरेगी बच्चों की प्रतिभा : अविनाश देव
मेदिनीनगर। संत मरियम आवासीय विद्यालय की ओर से नगर भवन में देर शाम शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव, प्राचार्य कुमार आदर्श, उप प्राचार्य एस. बी. शाहा, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, प्रवीण दुबे एवं अभिभावकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, कविता एवं नाटक की प्रस्तुतियों के माध्यम से माता-पिता और शिक्षकों की भूमिका एवं उनके महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चेयरमैन श्री अविनाश देव ने चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में चेयरमैन ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद जितना खुला और प्रभावी होगा, बच्चों के विकास के लिए वातावरण उतना ही बेहतर बनेगा। उन्होंने अभिभावकों को खुला मंच देते हुए कहा कि वे विद्यालय प्रबंधन के समक्ष अपनी बात, सुझाव और समस्याएं बिना किसी संकोच के बेबाकी से रखें। उन्होंने स्वयं अभिभावकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जाना तथा उनके समाधान के संभावित उपायों पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बच्चों का बहुमुखी विकास केवल विद्यालय के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए शिक्षक और अभिभावक दोनों को समान रूप से जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि विद्यालय द्वारा आयोजित प्रत्येक अभिभावक बैठक में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो, क्योंकि ऐसी बैठकों के माध्यम से बच्चों की प्रगति, व्यवहार और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने तथा समय रहते उचित कदम उठाने का अवसर मिलता है।






