BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

नवरात्र में भी बदहाली, गंदे पानी के बीच से गुजरी कलश यात्रा




वार्ड 15 और 17 में जलनिकासी की समस्या से श्रद्धालु परेशान, 15 वर्षों से नालियों की बदहाली पर उठे सवाल

विश्रामपुर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन जहां पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में लीन था, वहीं विश्रामपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 15 और 17 में बदहाल सफाई व्यवस्था की तस्वीर सामने आई। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सड़कों पर बह रहे नाली के गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ा। इससे नगर परिषद की व्यवस्था और स्वच्छता के दावों पर सवाल खड़े हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों वार्डों में जलनिकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और समुचित निकासी व्यवस्था के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर बहता है। लोगों ने करीब 15 वर्षों से चली आ रही समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान हुई परेशानी ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल पहल करने, नालियों की नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि नगर परिषद इस समस्या पर कब संज्ञान लेती है और वार्डवासियों को गंदे पानी से कब राहत मिलती है।