प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, नाम जोड़ने व त्रुटि सुधार का मिलेगा अवसर
हुसैनाबाद के सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची चस्पा, मतदाताओं से सूची जांचने की अपील
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद ,पलामू: भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत हुसैनाबाद प्रखंड में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची चस्पा कर दी गई है, ताकि मतदाता अपने नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकें।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंचलाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन दे सकते हैं। आवेदन की जांच के बाद नाम जोड़ने एवं त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है।अधिकारी स्वयं विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची चस्पा कराने और आम लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर समय रहते उसका सुधार करा लें।
इस अवसर पर झामुमो के डॉ. एजाज आलम, राजद के भरत पासवान एवं भाजपा नेता संतोष कुमार सिंह के अलावे महिला पर्यवेक्षिका सीमा झा, किरण कुमारी, कान्ति देवी, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, बीएलओ, अंचल एवं प्रखंड कार्यालय के कई अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है, इसलिए सभी लोग इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें।






