सुभाष चौक पर जलजमाव से मिलेगी राहत, आरसीसी स्लैबयुक्त नाली का शिलान्यास
चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में नगर पंचायत की पहल, नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने किया निर्माण कार्य का शुभारंभ।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में नगर पंचायत ने पहल शुरू कर दी है। बुधवार को वार्ड संख्या 10 के सुभाष चौक स्थित मानवी होटल से कामेश्वर यादव के घर तक आरसीसी स्लैबयुक्त नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में समाजसेवी सह भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि सुभाष चौक पर शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाला बारिश का पानी जमा हो जाता था। बरसात के दिनों में जलजमाव के कारण स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से क्षेत्र के लोग यहां नाली निर्माण की मांग कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान स्थानीय लोगों ने नाली निर्माण की मांग रखी थी और उन्होंने इस समस्या का समाधान कराने का वादा किया था। अब उस चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर अध्यक्ष ने बताया कि नाली का निर्माण आरसीसी स्लैबयुक्त तरीके से किया जाएगा। इससे बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने के साथ ही लोगों के आवागमन में भी सुविधा होगी। निर्माण पूरा होने के बाद सुभाष चौक और आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि सुभाष चौक पर नाली निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बरसात में पानी जमा होने से दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। नाली निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा होगा और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के प्रति आभार जताते हुए जल्द काम पूरा होने की उम्मीद व्यक्त की।






