टीटीई ने भाई पर कराई एफआईआर: पीएमओ के नाम से फर्जी मुहर व हस्ताक्षर का आरोप
सर्वोच्च न्यायालय का वकील बताकर विभागीय सेवा में बाधा डालने और जालसाजी का मामला दर्ज
शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच, दस्तावेजों का खंगाला जा रहा सच
डालटनगंज।
पूर्व मध्य रेलवे (धनबाद मंडल) के गोमो स्टेशन पर कार्यरत टीटीई (निरीक्षक) बाल मुकुंद पांडेय ने अपने सहोदर भाई किशोर कुमार पांडेय के खिलाफ फर्जीवाड़ा, जाली मुहर व पत्राचार के आरोप में शहर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बाल मुकुंद पांडेय (निवासी बैरिया) का आरोप है कि उनका भाई फर्जी दस्तावेजों के सहारे उनकी सरकारी सेवा में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहा है।
पीएमओ की फर्जी मुहर का इस्तेमाल:
पीड़ित टीटीई के अनुसार, आरोपी किशोर कुमार पांडेय पूर्व में भी पुलिस व विभागीय उच्चाधिकारियों को उनके खिलाफ कई शिकायत पत्र भेज चुका है। हालांकि, विभागीय जांच में ये सभी आरोप बेबुनियाद साबित हुए थे। आरोप है कि हाल ही में आरोपी ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की कथित जाली मुहर व फर्जी हस्ताक्षर का प्रयोग कर दो नए शिकायत पत्र अधिकारियों को भेजे हैं।
सुप्रीम कोर्ट का अधिवक्ता बताकर दबाव बनाने की कोशिश:
आवेदन में कहा गया है कि किशोर कुमार पांडेय खुद को सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) का अधिवक्ता बताता है और फर्जी पत्रांक, हस्ताक्षर व मुहर का प्रयोग कर कानूनी शिकंजा कसने की धमकी और सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करता आ रहा है।
पुलिस की कार्रवाई:
टीटीई बाल मुकुंद पांडेय के आवेदन पर शहर थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कथित पत्रों, जाली मुहरों और इस्तेमाल किए गए अन्य दस्तावेजों की प्रामाणिकता की जांच में जुट गई है।






