BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

एनएच-139 पर वाहन चेकिंग अभियान, बिना हेलमेट और कागजात के 50 बाइक थाना लाई गईं


ट्रैफिक नियम की पालन करने की हिदायत देकर छोड़ दी गई

पलामू :हरिहरगंज थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर शुक्रवार को थाना गेट के सामने एनएच-139 पर दोपहिया वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार के निर्देश पर चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट और आवश्यक कागजात के दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच की गई।
चेकिंग के दौरान विभिन्न कंपनियों की करीब 50 दोपहिया वाहनों को रोककर जांच की गई। हेलमेट नहीं पहनने तथा वाहन से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं करने वाले वाहनों को पुलिस ने थाना परिसर में लाकर रखा। अचानक चलाए गए वाहन जांच अभियान से वाहन चालकों में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही। बाद में थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार और थाना के एसआई कुमार सौरव ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जान की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। वाहन चालकों को हमेशा अपने साथ वाहन के आवश्यक कागजात रखने की भी हिदायत दी गई। पुलिस ने सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और भविष्य में बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने की चेतावनी दी। साथ ही स्पष्ट किया कि दोबारा बिना हेलमेट या आवश्यक कागजात के पकड़े जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ यातायात नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की कि सड़क पर वाहन चलाते समय अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें और अनिवार्य रूप से हेलमेट का इस्तेमाल करें।