365 दिन ड्यूटी, महंगाई भत्ता और आठवें वेतन आयोग का लाभ देने की उठी मांग
होमगार्ड जवानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे : जयराम महतो
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जिलकेम) के जिला सचिव सुरेंद्र महतो ने कहा कि राज्य के करीब 22 हजार होमगार्ड जवानों के अधिकारों की लड़ाई में पार्टी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। धनबाद में झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो से मुलाकात कर जवानों की विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा।
सालभर रोजगार से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं
प्रतिनिधिमंडल ने होमगार्ड जवानों को महंगाई भत्ता, आठवें वेतन आयोग का लाभ, 365 दिन ड्यूटी और भविष्य निधि (पीएफ) की सुविधा देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कोरोना महामारी, बाढ़, आपदा और कानून-व्यवस्था जैसी विषम परिस्थितियों में होमगार्ड जवान पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में उन्हें सालभर रोजगार से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने यह सवाल भी उठाया कि एक ओर मॉडल बिल के तहत कानून बनाने की बात हो रही है, वहीं दूसरी ओर जवानों को 365 दिन ड्यूटी देने की मांग पर आपत्ति क्यों जताई जा रही है।
होमगार्ड जवानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे : जयराम महतो
जयराम महतो ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और होमगार्ड जवानों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जवानों के साथ होने वाली अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा। होमगार्ड जवानों को उनका हक और जरूरी सुविधाएं दिलाने के लिए सड़क से सदन तक मजबूती से आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जवानों के अधिकारों की इस लड़ाई में वे हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे और उनका सम्मान व अधिकार सुनिश्चित करना जिम्मेदारी है।






