BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मलेरिया से पत्नी व दो बेटों की मौत से टूटा परिवार, विधायक ने मदद का दिया भरोसा


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के पाली पारगाढ़ सुधी गांव निवासी शंकर बेदिया के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मलेरिया के कारण उनकी पत्नी संगीता देवी तथा दो बेटों के निधन से परिवार में मातम पसरा है। आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण परिवार के सामने अंतिम संस्कार एवं ब्राह्मण भोज तक की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया। पीड़ित परिवार ने ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल से सहायता की अपील की। इसके बाद विनोद जायसवाल ने मामले की जानकारी बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी को दी। विधायक मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वही, भारत विकास परिषद रामगढ़ के पूर्व अध्यक्ष अमित साहू एवं समाजसेवी सुनील शाह के सौजन्य से उपलब्ध खाद्य सामग्री भी प्रदान की गई।

संकट की इस घड़ी में ज्ञान महिला समिति परिवार के साथ है खड़ा

कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा समाजसेवी दिव्या कुमारी ने की, जबकि संचालन आशा देवी ने किया। दिव्या कुमारी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में ज्ञान महिला समिति परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार की बेटी की पढ़ाई और भविष्य में शादी में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से डॉ अभिषेक अग्रवाल, डॉ राहुल बरेलिया, डॉ टी मिश्रा एवं महिला चिकित्सक डॉ निधि बजाज से नि:शुल्क जांच और दवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया

इस दौरान विनोद जायसवाल ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और किसी भी बीमारी की स्थिति में ज्ञान महिला समिति से संपर्क करने की अपील की। पीड़ित परिवार ने विधायक रोशन लाल चौधरी, विनोद जायसवाल, दिव्या कुमारी एवं आशा देवी सहित सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।