बोरोबिंग में 83.04 लाख की लागत से प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण का हुआ शिलान्यास
स्टेडियम बनने से गांव के बच्चों को प्रतिभा निखारने का मिलेगा बेहतर अवसर : ममता देवी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद की अनुशंसा पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की योजना के तहत शुक्रवार को चितरपुर प्रखंड के बोरोबिंग पंचायत में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। 83 लाख 4 हजार 550 रुपए की लागत से बनने वाले स्टेडियम का शिलान्यास मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी, विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल एवं बोरोबिंग पंचायत की मुखिया बसंती देवी ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता लक्ष्मण महतो एवं धन्यवाद ज्ञापन बढ़न राम दांगी ने किया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
विधायक ममता देवी ने कहा कि राज्य सरकार के माध्यम से चितरपुर प्रखंड में यह महत्वपूर्ण योजना लाई गई है। खेल प्रतिभाओं को उभारने और गांव-गांव में खेल मैदान उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान कुछ परेशानियां भी आती हैं, लेकिन सभी के सहयोग से स्टेडियम का निर्माण जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बच्चे यहां अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान की पहल
सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि चितरपुर प्रखंड के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। आने वाले समय में क्षेत्र के बच्चे इसी स्टेडियम में खेल का अभ्यास कर सकेंगे। सरकार का संकल्प गांव-गांव में खेल मैदान और प्रत्येक प्रखंड में स्टेडियम उपलब्ध कराना है। जमीन के अभाव में कई जगह खेल मैदान का निर्माण नहीं हो पा रहा है। युवाओं को इसका लाभ मिले, इसके लिए प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान और प्रत्येक प्रखंड में स्टेडियम निर्माण का प्रयास होना चाहिए।
युवाओं को अभ्यास में होगी सुविधा
बोरोबिंग मुखिया बसंती देवी ने कहा कि हमारे पंचायत में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का शिलान्यास होना बड़ी उपलब्धि है। स्टेडियम नहीं होने के कारण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूर जाना पड़ता था। स्टेडियम बनने के बाद युवाओं को काफी सुविधा होगी। उन्होंने विधायक से स्टेडियम तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण कराने की मांग की।
कई वर्षों के प्रयास के बाद मिली मंजूरी
झामुमो के केंद्रीय सदस्य चित्रगुप्त महतो ने कहा कि स्टेडियम निर्माण के लिए कई वर्षों से प्रयास और संघर्ष किया गया। बीच में काम रुक गया था। इसके बाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद के सहयोग से प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया और वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद स्टेडियम निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं की खेल के प्रति रुचि को देखते हुए स्टेडियम निर्माण के लिए प्रयास किया गया है। इसमें विधायक एवं स्थानीय मुखिया का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने निर्माण कार्य में सभी से सहयोग की अपील की।
इनकी रही उपस्थिति
शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष निरंजन कुमार वर्मा, गणेश स्वर्णकार, युगेश महतो, चंद्रदेव महतो, अनिल चौधरी, प्रदीप महतो, हीरालाल महतो, गौरीशंकर महतो, दीपक दांगी, सुधीर कुमार अकेला, उमेश्वर महतो, नकुल महतो, प्रकाश करमाली, जितेंद्र बेदिया, जानकी देवी, संगीता देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।






