BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोला रोड स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से मिले गिरिडीह सांसद, सौंपा ज्ञापन


गोला रोड स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से मिले गिरिडीह सांसद, सौंपा ज्ञापन
लाखों लोगों की सुविधा और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी है यह मांग : चंद्रप्रकाश चौधरी

रांची एक्सप्रेस संवाददाता

रजरप्पा/गोला। गोला रोड रेलवे स्टेशन पर प्रमुख मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की वर्षों पुरानी मांग को लेकर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने पहल तेज कर दी है। सांसद ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से औपचारिक मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा और गोला रोड स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। इस बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर सांसद द्वारा रेल मंत्री से मुलाकात कर पहल किए जाने का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है और उनके प्रति आभार जताया है।

लाखों लोगों को हो रही परेशानी

ज्ञापन में कहा गया है कि गोला रोड रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन कई महत्वपूर्ण मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन वर्तमान में यहां प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण गोला प्रखंड एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए रामगढ़ अथवा बरकाकाना जंक्शन जाना पड़ता है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय, किराया एवं आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए रेल यात्रा पर निर्भर लोगों के लिए यह समस्या और गंभीर हो जाती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि गोला रोड स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू हो जाए तो उन्हें काफी राहत मिलेगी।

रजरप्पा आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगी सुविधा

गोला रोड रेलवे स्टेशन से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर विश्वप्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा में मां छिन्नमस्तिका मंदिर स्थित है। यहां देशभर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होने से न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रजरप्पा में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सात प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग

क्षेत्रवासियों की मांग पर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी द्वारा रेल मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में प्रथम चरण में रांची-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, रांची-चोपन एक्सप्रेस, विशाखापट्टनम-वाराणसी एक्सप्रेस, रांची-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस एवं जम्मू तवी-संबलपुर मूरी एक्सप्रेस के गोला रोड स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई है। इसके अलावा रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस एवं रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस समेत अन्य प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता भी बताई गई है।

पहले मिल चुका है कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में गोला रोड रेलवे स्टेशन पर कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का करीब दो मिनट का ठहराव हुआ करता था, जिसे बाद में बंद कर दिया गया। क्षेत्रवासियों ने पुरानी सुविधा को पुनः बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि कम से कम दो मिनट का ठहराव भी यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

क्षेत्रीय विकास और पर्यटन से जुड़ी है मांग : चंद्रप्रकाश चौधरी

सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि गोला रोड स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव केवल रेल सुविधा से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह गोला एवं आसपास के लाखों लोगों की सुविधा, क्षेत्रीय विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी जनभावना है। उन्होंने कहा कि जनसुविधा और क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक विषय को संसद से लेकर संबंधित मंत्रालय तक पूरी प्रतिबद्धता के साथ उठाना मेरा निरंतर प्रयास है। सांसद ने विश्वास जताया कि रेल मंत्री क्षेत्रवासियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए गोला रोड रेलवे स्टेशन पर उपयुक्त ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति प्रदान करेंगे।