प्रवासी श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को देशव्यापी रूप देने की पहल, दिल्ली में प्रवासी श्रमिक अधिकार मंच का स्थापना सम्मेलन संपन्न
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
आज नई दिल्ली के एच.के.एस. सुरजीत भवन में प्रवासी श्रमिक अधिकार मंच का स्थापना सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों से आए प्रवासी श्रमिकों, प्रवासी श्रमिक कार्यकर्ताओं, ट्रेड यूनियन कार्यकर्ताओं तथा CPI(ML), AICCTU और AIARLA के नेताओं ने भाग लिया।
रोज़गार की तलाश में अपना घर-गाँव और राज्य छोड़ने वाले करोड़ों प्रवासी श्रमिक आज भी सम्मानजनक मजदूरी, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और अन्य बुनियादी अधिकारों से वंचित हैं। सम्मेलन ने इन अधिकारों की गारंटी के लिए प्रवासी श्रमिकों के संघर्ष को देशव्यापी स्तर पर संगठित और मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन को CPI(ML) के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य सहित AICCTU के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड शंकर, महासचिव कॉमरेड राजीव, वरिष्ठ प्रगतिशील अधिवक्ता कॉमरेड क्लिफ्टन, AIARLA के महासचिव कॉमरेड धीरेन्द्र झा, CPI(ML) विधायक कॉमरेड संदीप सौरव, MLC कॉमरेड शशि यादव, पूर्व विधायक कॉमरेड विनोद सिंह और कॉमरेड महबूब आलम ने संबोधित किया।






