भुरकुंडा कोयलांचल में श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजे गए शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा
शिवकुमार सिंह
भुरकुंडा। भुरकुंडा कोयलांचल, भदानीनगर, बासल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को सृष्टि के प्रथम शिल्पकार और वास्तुकला के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना पूरे धूमधाम, विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ किया गया। क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सीसीएल की विभिन्न खदानों, वर्कशॉप, गैरेज, भुरकुंडा ग्रामीण जलापूर्ति योजना और ट्रैकर स्टैंड सहित प्रमुख स्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमाएं व तस्वीरें स्थापित की गईं। पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी संयंत्रों, वाहनों, औजारों और मशीनों की विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की उन्नति की प्रार्थना की गई। वहीं क्षेत्र के पूजा पंडालों को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया था। दिनभर दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान विश्वकर्मा के चरणों में मत्था टेककर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, निरोग जीवन और कार्यक्षेत्र में सुरक्षा व सफलता की कामना की। अनुष्ठान और महाआरती के बाद सभी पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इधर भुरकुंडा परियोजना के बलकुदरा खुली खदान में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पुरोहित राजेश कुमार पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना किया गया। इस दौरान पूरा खान परिषर भगवान विश्वकर्मा की जयघोषों से गूंजता रहा। पूजा में बतौर यजमान उदित प्रसाद व सचिन सिंह शामिल हुए। पूजा में भुरकुंडा पीओ कुमार राकेश सत्यार्थी, खान प्रबंधक अजय कुमार सिंह, रिशु कुमार सिंह, शशि भूषण सिंह, उदय कुमार सिंह, पप्पू सिंह, नरेश मंडल, रवि सिंह, अनिल पासवान, शम्भू सिंह, भीम लाल, अमेरेंद्र सिंह, संजीव दूबे, फहद जफ्फरी, सचिन सिंह, भोला खरवार, बाबूलाल सतनामी, प्रमोद सिंह, दयानन्द प्रसाद केसरी, कृष्णा, उदित प्रसाद, सुरेंद्र, कल्लू, सुरेश मल्लाह सहित दर्जनों अधिकारी, कर्मी व यूनियन के लोग शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया।






