भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा कर पति के दीर्घायु होने की कामना की
भुरकुंडा। कोयलांचल भुरकुंडा, भदानीनगर, बासल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को हरितालिका तीज भक्तिभाव से मनाया गया। महिलाओं ने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए निर्जला उपवास रखा। इधर पटेलनगर पंचायत के गायत्री नगर में पं सुनील पांडेय द्वारा पूरे विधिविधान व मंत्रोच्चारण के बीच हरितालिका तीज की पूजा कराई गई। पूजा के दौरान महिलाओं ने भगवान शंकर और मां पार्वती की मिट्टी व बालू से बने शिवलिंग की पूजा-अर्चना की। साथ ही फल-फूल, धूप-अगरबती, पेड़किया, अनरसा सहित अन्य पूजन सामग्रियों के साथ भगवान शिव व माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर घरों में हरितालिका तीज व्रत कथा कही व सुनी गई। पूजा के बाद सुहागिनों ने अपने पति का आशीर्वाद लिया। तीज पूजा को ले क्षेत्र के शिव मंदिरों में सुहागिन महिलाओं की काफी भीड़ उमड़ी। पूजा के दौरान भगवान शिव व माता पार्वती सहित अन्य आराध्य देवी-देवताओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। जबकि मंगलवार की सुबह स्नान-ध्यान कर पूजा व दान के पश्चात हरितालिका तीज का प्रसाद सेवन कर सुहागिन महिलाएं हरितातिका तीज व्रत का पारण करेंगी।







