नशामुक्त समाज और महिला स्वावलंबन के लिए घर-घर पहुंचेगी ज्ञान महिला समिति
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। ज्ञान महिला समिति के तत्वाधान में सोमवार को जिले के विभिन्न वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल ने की। बैठक को संबोधित करते हुए विनोद जायसवाल ने कहा कि जिलेभर में महिलाओं को संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। समिति का उद्देश्य नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ बेहतर स्वास्थ्य, जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, गरीब बेटियों के विवाह में सहयोग तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के ब्राह्मण भोज में सहायता उपलब्ध कराना है। इसके अलावा बेटियों की बेहतर शिक्षा तथा महिलाओं को निःशुल्क सिलाई, कंप्यूटर और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा
बैठक में महिलाओं ने संकल्प लिया कि नशामुक्ति और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए घर-घर जाकर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में ये थे उपस्थित
बैठक में अनीता देवी, गुड़िया देवी, आरती देवी, सरिता देवी, खुशबू देवी, उर्मिला देवी, लक्ष्मी देवी, आरती कुमारी, पूजा देवी, मंजू देवी, मधु देवी, रामस्वरी देवी, गुलाचो देवी, प्रभा देवी, शोभा देवी, कारी देवी, मालती देवी, चिंता देवी, पारो देवी और आशा देवी सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थीं।






