बीमा कर्मचारी संघ ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ, गिरिडीह के तत्वावधान में एलआईसी शाखा कार्यालय में सोमवार को शोकसभा आयोजित कर दिवंगत झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शोकसभा की अध्यक्षता संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने की।
कार्यक्रम के दौरान दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा तथा शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मौके पर सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से गिरिडीह की राजनीति में एक बड़ा शून्य उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री मृदुभाषी, सुलझे हुए राजनेता, सक्रिय जनप्रतिनिधि और जनसरोकारों से जुड़े हुए नेता थे। वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू दूरदर्शी सोच रखने वाले जनप्रतिनिधि थे। उनका सपना गिरिडीह और झारखंड को विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाकर देश के मानचित्र पर एक अलग पहचान दिलाना था। उनके निधन से समाज और क्षेत्र ने एक लोकप्रिय एवं जनप्रिय नेता खो दिया है। शोकसभा में संजय शर्मा, अनुराग मुर्मू, विजय कुमार, कुमकुम बाला वर्मा, उमानाथ झा, राजेश कुमार, कुलजीत कुमार, रवि, अंशु सिंघानिया, रोसन कुमार, अभय कुमार, माहेश्वरी वर्मा, प्रदीप कुमार, देवनाथ दास, प्रदीप प्रसाद, सुनील कुमार वर्मा, दिनेश कुमार, हिमांशु शेखर सहित एलआईसी के अधिकारी, कर्मचारी एवं अभिकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।






