गणपति बप्पा के दरबार पहुंचीं कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, बेड़ो के सुख-समृद्धि की कामना
संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: श्री राधे कृष्णा यूथ संगम के तत्वावधान में महावीर चौक स्थित छह दिवसीय गणेश महोत्सव के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विद्युत संचालित भव्य पंडाल में झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कार्यकर्ताओं के साथ गणपति बप्पा के दरबार में माथा टेका। उपस्थित महिलाओं द्वारा गणेश जी की महाआरती की गई, वहीं पुजारी सोनू पांडा ने विधिवत पूजन कराया। इस अवसर पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि गणपति बप्पा विघ्नहर्ता हैं। उन्होंने बेड़ो सहित पूरे झारखंड में अमन-चैन, शांति, सुख-समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना की है। कहा कि यह महोत्सव हमारी संस्कृति और एकता का प्रतीक है, जो सभी को जोड़ने का काम करता है। युवाओं द्वारा किया गया भव्य पंडाल निर्माण एवं विद्युत चालित मूर्ति का प्रदर्शन सराहनीय है।
इस दौरान राधे कृष्णा यूथ संगम के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा मंत्री सहित अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। आरती के बाद भोग प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर संगम के सदस्य, जिला परिषद सदस्य, विधायक प्रतिनिधि, मुखिया एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।






