संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: बेड़ो शहरी क्षेत्र में जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार को बुलाए गए बंद का व्यापक असर देखने को मिला। भाजपा और शिवसेना के संयुक्त आह्वान पर बेड़ो बाजार स्वतः बंद रहा। जरिया ब्रिज से बारीडीह ब्रिज तक मुख्य मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। इसी की मरम्मत की मांग को लेकर यह बंद बुलाया गया था। बंद के दौरान शहर की सभी दुकानें, शोरूम, व्यापारिक प्रतिष्ठान और रोज लगने वाली सब्जी मंडी भी बंद रही। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी सड़क के कारण प्रखंड मुख्यालय और बाजार आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। स्कूली बच्चों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की है। इस बंद को भाजपा, शिवसेना के साथ-साथ ऑटो चालक संघ और दुकानदार संघ ने भी समर्थन दिया। मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बलराम सिंह, शिवसेना प्रमुख बजरंग गोप, प्रदेश महासचिव किशोर साहू, युवा प्रमुख अपूर्व लाल खन्ना, पूर्व उपप्रमुख धनंजय कुमार राय, मोती गुप्ता, मनोज साहू, अरुण गुप्ता, नारायण महली, रंजन गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।







