BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में दागी परेड एवं क्राइम मीटिंग आयोजित


छतरपुर : पुलिस अधीक्षक, पलामू श्री कपिल चौधरी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर श्री प्रशांत कुमार के कार्यालय में दागी परेड एवं क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।

दागी परेड में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 22 चिन्हित दागी उपस्थित हुए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने उपस्थित दागियों की गतिविधियों एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों तथा अपराधियों को किसी प्रकार का सहयोग या संरक्षण न दें।

सभी दागियों को बताया गया कि पुलिस द्वारा उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद आयोजित क्राइम मीटिंग में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध की स्थिति, लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा गंभीर कांडों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को दागी एवं सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी रखने, नियमित सत्यापन करने तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं वाहन जांच को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम जनता की सुरक्षा तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।