मेले के आयोजन से इलाके में आती है समृद्धि, मनोरंजन से मानसिक स्वास्थ्य होता है मजबूत : अरविंद
तरपुर के फुलवारी मैदान में डिज्नीलैंड मेले का हुआ शुभारंभ, नए आकर्षणों के साथ लोगों को मिलेगा मनोरंजन का अवसर
छतरपुर: नगर पंचायत छतरपुर के फुलवारी मैदान में डिज्नीलैंड मेले का भव्य शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेले के उद्घाटन के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक मेल-जोल, सकारात्मक ऊर्जा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने का महत्वपूर्ण साधन भी है। मेले में आने से लोगों के जीवन में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार होता है। मनोरंजन मानसिक तनाव को कम करने तथा मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि छतरपुर में इस तरह के आयोजनों से शहर में चहल-पहल बढ़ती है तथा स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे परिवार के साथ मेले का आनंद लें और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में नगर पंचायत का सहयोग करें।
डिज्नीलैंड मेले के प्रोपराइटर सुनील कुमार ने बताया कि मेले में लोगों के मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को कम खर्च में बेहतर मनोरंजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इस बार मेले में नए और आकर्षक खेलों एवं मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था की गई है। इनमें मौत का कुआं, जलपरी प्रदर्शनी, विभिन्न प्रकार के झूले सहित अन्य मनोरंजन के साधन प्रमुख आकर्षण हैं।
उन्होंने बताया कि मेले में बच्चों से लेकर युवाओं और परिवार के सभी सदस्यों के लिए मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों को उम्मीद है कि छतरपुर एवं आसपास के क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में मेले में पहुंचकर इसका आनंद उठाएंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से मनोज कुमार गुप्ता, अशोक कुमार सोनी, सुधीर सिन्हा, जितेंद्र कुमार गुप्ता, वार्ड पार्षद दीपक कुमार, पार्षद प्रतिनिधि रामसेवक यादव, मनोज कुमार, शिवकुमार, प्रवेश साव, सूर्यमुखी यादव, अजय राम, सुहैल हक, रामचंद्र राम, अनूप चौधरी, हेमंत राम, अजय प्रजापति, रविंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






