BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अनियमित बिजली आपूर्ति के खिलाफ ग्रामीणों का जन आक्रोश, पावर सब-स्टेशन का किया घेराव


नौडीहा बाजार (पलामू): नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जारी अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पढ़ाई के समय बिजली नहीं रहने से विद्यार्थियों को अंधेरे में पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं किसान भी बिजली संकट से परेशान हैं, क्योंकि सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है।

इन्हीं समस्याओं को लेकर सामाजिक न्याय एकता मंच के बैनर तले समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जन आक्रोश आंदोलन किया। शनिवार, 8 अगस्त 2026 को मायापुर स्थित पावर सब-स्टेशन (PSS) का घेराव कर तालाबंदी की गई। इसके साथ ही नौडीहा बाजार स्थित पुराने थाना के समीप चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने "बिजली विभाग होश में आओ" और "बिजली विभाग की मनमानी नहीं चलेगी" जैसे नारे लगाए।

आंदोलन के दौरान विशुनपुर पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार भारती, जिला परिषद सदस्य सुदामा पासवान, खैरादोहर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य संतोष यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रौशन कुमार सिंह सहित सामाजिक न्याय एकता मंच के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।