पलामू : टाउन थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को पलामू पुलिस ने बिहार के गोपालगंज जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। तीनों लड़कियां नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में मजदूरी का कार्य कर रही थीं। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम गठित कर यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को मेदिनीनगर से तीन नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों की शिकायत पर टाउन थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। निर्धारित अवधि बीतने के बाद मामले को अपहरण की धारा में दर्ज कर अनुसंधान आगे बढ़ाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि तीनों लड़कियां बिहार के गोपालगंज जिले में मौजूद हैं। इसके बाद टाउन थाना की विशेष टीम गोपालगंज पहुंची और वहां से तीनों नाबालिगों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बरामद लड़कियों में दो चचेरी बहनें हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले तीनों गांधी पार्क घूमने गई थीं। घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर उन्हें डांट-फटकार मिली थी, जिससे नाराज होकर वे घर छोड़कर चली गई थीं।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि तीनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया गया है तथा पूरे मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि लड़कियां गोपालगंज तक कैसे पहुंचीं और वहां मजदूरी करने की स्थिति कैसे बनी।


