logo

18 जुलाई से रांची में शुरू होगी 135वें डूरंड कप ट्रॉफी टूर


भारत के प्रतिष्ठित और सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण के आयोजन के तहत 18 जुलाई 2026 को रांची में ट्रॉफी टूर निकाला जाएगा। भारतीय सेना एवं झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में फुटबॉल के प्रति उत्साह बढ़ाना और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।

ट्रॉफी टूर की शुरुआत केटरेटा ऑडिटोरियम से होगी। इसके बाद ट्रॉफी न्यूक्लियस मॉल, मोराबादी मैदान, फिरायालाल चौक होते हुए दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन पहुंचेगी। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और खेल प्रेमियों को प्रतिष्ठित डूरंड कप ट्रॉफी के दर्शन का अवसर मिलेगा।

इस वर्ष डूरंड कप का आयोजन "Many Champions, One Legacy" थीम के साथ किया जा रहा है। टूर्नामेंट का आयोजन भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किया जा रहा है, जबकि झारखंड सरकार सहयोगी की भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

डूरंड कप देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक है। इसके आयोजन से झारखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ राज्य में खेल पर्यटन और फुटबॉल संस्कृति को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।