मुजफ्फरपुर, 06 जुलाई । मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां विदेश से लौटे एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना राजेपुर थाना क्षेत्र के राजपुर नवादा गांव की है। यहां रहने वाले राजेंद्र भगत की पुत्री पिंकी कुमारी अपने मायके में छह महीने की बेटी के साथ रह रही थी। सोमवार सुबह उसके पति मनोज भगत ने घर में रखे सब्जी काटने वाले धारदार हथियार 'पहसूल' से उसका गला रेत दिया। घटना के समय कमरे में पिंकी और उसकी मासूम बेटी के अलावा कोई मौजूद नहीं था।
बताया गया कि आरोपित मनोज भगत बरूराज थाना क्षेत्र के हरनाही गांव निवासी शंभू भगत का पुत्र है और दुबई में रहकर काम करता था। वह रविवार शाम ही दुबई से भारत लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह अपनी पत्नी से मिलने ससुराल राजपुर नवादा पहुंचा। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि लंबे समय बाद घर लौटने पर दोनों के रिश्तों में सुधार होगा, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि वह इतनी जघन्य वारदात को अंजाम देगा।
मृतका की बहन ममता ने बताया कि रविवार शाम मनोज जब घर पहुंचा तो उसका व्यवहार पूरी तरह सामान्य था। उसने सबसे पहले पीने के लिए बिसलेरी (मिनरल वाटर) का पानी मांगा। परिजनों ने बाजार से तीन बोतल पानी खरीदकर उसे दिया। इसके बाद वह सामान्य रूप से परिवार के लोगों से बातचीत करता रहा। कुछ देर बाद जब घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए, तब वह पिंकी के कमरे में गया और वहां रखे पहसूल से उसका गला रेत दिया। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक पिंकी की मौत हो चुकी थी और आरोपित मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि पिंकी और मनोज की शादी वर्ष 2022 में सामाजिक रीति-रिवाजों और आपसी सहमति से धूमधाम के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। बड़ा बेटा मनोज के पैतृक घर में रहता था, जबकि छह महीने की बेटी अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रही थी।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही मनोज और उसके परिवार के लोग पिंकी के छोटे कद को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। इसी विवाद को लेकर करीब दो वर्ष पहले सामाजिक स्तर पर पंचायत भी हुई थी। पंचायत के बाद कुछ समय तक मामला शांत रहा, लेकिन बाद में मनोज फिर दुबई चला गया। परिजनों का कहना है कि उसके मन में पत्नी के प्रति नाराजगी बनी हुई थी, जो आखिरकार इस भयावह घटना का कारण बनी।
घटना की जानकारी मिलते ही सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिजीत कौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान घटनास्थल से आरोपित मनोज भगत का जूता भी बरामद किया गया है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।
एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-
विदेश से लौटे पति ने की पहसूल से गला रेतकर पत्नी की हत्या,फरार आरोपित की तलाश जारी





