राजद केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की आवाज और आंदोलन है : इरफान आलम
गिरिडीह में धूमधाम से मनाया गया राजद का 30वां स्थापना दिवस, जल्द होगा तेजस्वी यादव की मौजूदगी में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस रविवार को गिरिडीह के नया परिषद भवन में उत्साह, जोश और संगठनात्मक संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इरफान आलम ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव हाजी इनामुल हक एवं वरिष्ठ नेता रामेश्वर प्रसाद यादव उपस्थित रहे, जबकि संचालन युवा राजद जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद यादव ने किया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष इरफान आलम ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना ऐसे समय में हुई थी, जब गरीब, पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और वंचित समाज को अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एक मजबूत मंच की आवश्यकता थी। पिछले तीन दशकों में राजद ने इन वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय की जिस विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया, उसी का परिणाम है कि आज समाज के वंचित तबकों में सम्मान और अधिकार की लड़ाई लड़ने का आत्मविश्वास बढ़ा है। राजद हमेशा सामाजिक समरसता, लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की रक्षा तथा आम लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है इरफान आलम ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों एवं सामाजिक न्याय के संदेश को लोगों तक पहुंचाए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं एवं महिलाओं को पार्टी से जोड़ने तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में गिरिडीह जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाया जाएगा युवा राजद जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि शीघ्र ही जिले के सभी प्रखंडों में संगठन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजद जनहित के मुद्दों पर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से आम जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी इस अवसर पर जमुआ विधानसभा के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी संजय दास ने अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष इरफान आलम ने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि गिरिडीह में जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल का एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पार्टी के सभी विधायक तथा गिरिडीह और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के दोनों सांसद शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा इसकी तिथि एवं आयोजन स्थल की घोषणा शीघ्र की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से इसकी तैयारी में जुटकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में प्रदेश सचिव हाजी इनामुल हक, वरिष्ठ नेता रामेश्वर प्रसाद यादव, महिला जिलाध्यक्ष बसंती राणा, जमुआ प्रखंड अध्यक्ष ललन प्रसाद यादव, जिला सचिव नेक वारिस, जिला उपाध्यक्ष दशरथ यादव, डॉ. सी.के. रंजन, जिला महासचिव बलदेव नायक, अल्पसंख्यक विभाग के सचिव कामरान अंसारी, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष इसराइल अंसारी, देवरी प्रखंड अध्यक्ष रामकिशन हाजरा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सुखदेव हाजरा, तिसरी प्रखंड अध्यक्ष सतनारायण प्रसाद यादव, गावां प्रखंड अध्यक्ष लखन प्रसाद यादव, निरंजन यादव, छोटेलाल यादव, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे




