हरिहरगंज, पलामू: हरिहरगंज प्रखंड के खड़कपुर पंचायत क्षेत्र में बटाने नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पुलिया महज आठ वर्षों में ही जर्जर होने लगी है। वर्ष 2018 में पूर्ण हुई इस पुलिया की वर्तमान स्थिति निर्माण की गुणवत्ता तथा सरकारी धन के समुचित उपयोग पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है।
यह पुलिया ढाब और खड़कपुर गांव को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई तथा घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण पुलिया समय से पहले क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया के कई हिस्सों में दरारें उभर आई हैं और इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र इसकी तकनीकी जांच एवं मरम्मत नहीं कराई गई, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पुलिया निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष पड़ताल करने तथा दोषी अधिकारियों एवं संवेदकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिया की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन को सुरक्षित बनाने की भी अपील की है।
अब देखना यह होगा कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस पुलिया की जर्जर स्थिति को प्रशासन कितनी गंभीरता से लेता है और निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करता है या नहीं।





