उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा।
एसआईआर के तहत 09-जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में दावा-आपत्ति की सुनवाई को लेकर सोमवार को जामताड़ा प्रखंड सभागार में सुनवाई कैंप आयोजित किया गया। कैंप में दावा-आपत्ति पेश करने वाले अपीलकर्ताओं की भीड़ उमड़ी।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से कुल 133 लोगों को नोटिस जारी किया गया था, जिसमें 121 अपीलकर्ता सुनवाई के लिए उपस्थित हुए, जबकि 12 लोग अनुपस्थित रहे। सुनवाई के दौरान मतदाताओं ने अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए, ताकि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन में उनका नाम शामिल किया जा सके।
एसडीएम अनंत कुमार ने बताया कि जो अपीलकर्ता किसी कारणवश निर्धारित तिथि को सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके, उन्हें पुनः मौका दिया जाएगा।
सुनवाई के दौरान एसडीएम अनंत कुमार, नगर पंचायत जामताड़ा की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खेडैत सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।







