मेदिनीनगर में पहली बार भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और डांडिया महोत्सव, 5 सितंबर को पुलिस स्टेडियम में होगा आयोजन : बिकास सेठी
श्रीकृष्ण की लीलाओं से सजेगा मंच, लाइव डांडिया के साथ दही-हांडी प्रतियोगिता बनेगी खास आकर्षण
मेदिनीनगर। जन्माष्टमी के अवसर पर मेदिनीनगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से शहर में पहली बार भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 5 सितंबर 2026, शनिवार को जन्माष्टमी के दूसरे दिन स्थानीय पुलिस स्टेडियम में शाम 6 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए विकास सेठी ने बताया कि कार्यक्रम में बाहर से आए कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण की जन्मलीला से लेकर बाललीला और रासलीला तक की आकर्षक प्रस्तुति स्टेज शो के माध्यम से की जाएगी। इसके साथ ही शहरवासियों के लिए लाइव डांडिया कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें आम लोग भी कलाकारों के साथ डांडिया का आनंद उठा सकेंगे।
दही-हांडी प्रतियोगिता में भिड़ेंगी तीन टीमें
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भव्य दही-हांडी फोड़ प्रतियोगिता होगी। इसमें मेदिनीनगर की तीन टीमें ग्रीन वैली स्कूल, सेंट मरियम स्कूल डाल्टनगंज और पलामू पुलिस टीम हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली तीनों टीमों को मेदिनीनगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं और रासलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसके लिए किसी प्रकार का टिकट या प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता के रूप में पलामू उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा और सुविधाओं की रहेगी विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। फायर ब्रिगेड की गाड़ी, एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में पहुंचकर श्रीकृष्ण की लीलाओं का आनंद लेने, डांडिया में शामिल होने और दही-हांडी प्रतियोगिता का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि लोगों के सहयोग और सहभागिता से आयोजन सफल रहा तो इसे प्रत्येक वर्ष और भी भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हुई जानकारी साझा करने के दौरान जनार्दन अग्रवाल, अजय अग्रवाल, पीयूष कुमार, आशुतोष लाल, संतोष गुप्ता, श्रीकांत कुमार, नितेश चंद्र, अनूप कुमार, मनोज कुमार सोनी, आशु अग्रवाल एवं रंजीत कुमार मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






