BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू-गढ़वा में ग्रामीण सड़कों के निर्माण को मिली गति, PMGSY-IV में कई सड़कें होंगी शामिल


सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयास पर ग्रामीण विकास मंत्रालय ने दी प्रस्तावों की अद्यतन जानकारी

पलामू। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयास से पलामू और गढ़वा जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीण सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। सांसद ने 12 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव रोहित कंसल से मुलाकात कर तथा पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत ग्रामीण सड़कों के निर्माण का अनुरोध किया था।

सांसद के अनुरोध के आलोक में ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव रोहित कंसल का 31 अगस्त 2026 का पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें पलामू और गढ़वा जिले की प्रस्तावित ग्रामीण सड़कों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया है। मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि कई सड़कों को PMGSY-IV में शामिल किया जा रहा है, जबकि कुछ सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर प्रस्तुत की जा चुकी है।

मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी है कि जिन सड़कों का निर्माण PMGSY के तहत संभव नहीं है, उन्हें राज्य सरकार की संपोषित योजनाओं के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। वहीं, कुछ ग्रामीण सड़कों को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (MMGSY) के तहत भी स्वीकृति मिल चुकी है।

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक गांव और टोले को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण सड़कों का सीधा संबंध शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से है। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के साथ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।