BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राहुल गांधी पर प्राथमिकी लोकतंत्र के लिए घातक : केएन त्रिपाठी


पूर्व मंत्री ने भाजपा पर विपक्ष की आवाज दबाने और राजनीतिक प्रतिशोध का लगाया आरोप

मेदिनीनगर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी को लेकर झारखंड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। प्रेस बयान जारी कर उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम है और इसके जरिए विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

केएन त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। यही कारण है कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने में विफल रहने पर पुलिस, जांच एजेंसियों और मुकदमों का सहारा लेकर विपक्ष को डराने का प्रयास कर रही है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ऐसे किसी दबाव से डरने या झुकने वाली नहीं है। संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ को पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। राहुल गांधी संवैधानिक अधिकारों और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और पूरी कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति अब देश के ज्वलंत मुद्दों का जवाब देने के बजाय सवाल उठाने वालों को डराने तक सीमित हो गई है। राहुल गांधी को निशाना बनाना देश की जनता की आवाज को निशाना बनाने के समान है।

केएन त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष को जितना दबाने का प्रयास करेगी, कांग्रेस उतनी ही मजबूती से जनता की आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान पर किसी भी तरह का हमला जारी रहा तो कांग्रेस का संघर्ष भी उतनी ही मजबूती से जारी रहेगा।