BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डीसी सौरभ भुवानियां की अध्यक्षता में देवघर में जनता दरबार, ऑन द स्पॉट हुआ कई समस्याओं का समाधान.


■ आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत पर उच्चस्तरीय जांच समिति गठित

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : जिले वासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ भुवानियां की अध्यक्षता में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया।


जनता दरबार के दौरान पालोजोरी प्रखंड के दुधानी पंचायत में आंगनबाड़ी सेविका के चयन में कथित अनियमितता का मामला सामने आया। इस पर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि समिति दुधानी पंचायत में हुई आमसभा की कार्यवाही, चयन पंजी और सभी अभ्यर्थियों के शैक्षणिक व अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा "सरकारी योजनाओं और नियुक्तियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा। जांच में नियमों का उल्लंघन या फर्जीवाड़ा पाए जाने पर दोषी अधिकारियों, कर्मियों और गलत तरीके से चयनित अभ्यर्थी पर कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन, आवास और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने एक-एक कर सभी की बातें सुनीं और आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की जांच कराकर जल्द समाधान किया जाएगा। इस दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मइयां सम्मान योजना और पेंशन से संबंधित कई मामलों का संबंधित विभागों द्वारा "ऑन द स्पॉट" निष्पादन किया गया।

डीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर एक सप्ताह के अंदर प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को भेजें, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी हो सके। 

साथ ही उन्होंने सामान्य शाखा से जुड़े कार्यों को भी समय पर निष्पादित करने का कड़ा निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करना है। इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।