BREAKING NEWS

logo

साइबर ठगी केस में फरार लक्ष्मण मंडल के घर ढोल-नगाड़े के साथ चिपका इश्तेहार,


रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी लक्ष्मण मंडल के खिलाफ गिरिडीह साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से साइबर पुलिस की टीम बुधवार को नैयाडाबर गांव पहुंची और ढोल-नगाड़े बजवाकर आरोपी के घर पर इश्तेहार चिपकाया।

यह मामला गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 36/2023 से जुड़ा है, जिसमें नैयाडाबर निवासी केदो मंडल के पुत्र लक्ष्मण मंडल आरोपी है। उस पर धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120(बी), 34 आईपीसी और 66(सी), 66(डी) आईटी एक्ट 2000 के तहत केस दर्ज है। गिरिडीह कोर्ट से उसके खिलाफ इश्तेहार जारी किया गया था।

साइबर पुलिस के पु०अ०नि० राजेंद्र प्रसाद महतो, बेंगाबाद थाना के स०अ०नि० सुनील तिर्की और चौकीदार की मौजूदगी में इश्तेहार को विधिवत तामिला कराया गया। पुलिस ने आरोपी के घर के अलावा गांव के चौक-चौराहों और बिजली के खंभों पर भी इश्तेहार चिपकाए।

इश्तेहार के माध्यम से आरोपी लक्ष्मण मंडल को निर्धारित समय के भीतर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय में सरेंडर नहीं करने पर कोर्ट के आदेश पर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संपत्ति की कुर्की भी की जा सकती है।। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।