BREAKING NEWS

logo

प्रसिद्ध व्यवसायी राजू चौधरी का सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, शहर में शोक की लहर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर बाजार : शहर के जाने-माने हार्डवेयर व्यवसायी 52 वर्षीय राजकुमार जायसवाल उर्फ राजू चौधरी की सोमवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा कुंडू बंगला गली में उनके घर के पास हुआ. जानकारी के अनुसार बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल अनुमण्डलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना में उनका एक स्टाफ भी जख्मी है जिसका इलाज चल रहा है. हादसे की खबर मिलते ही पूरे मधुपुर में शोक की लहर दौड़ गई.अस्पताल और उनके आवास पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, व्यापारियों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई. हर किसी की आंखें नम थीं. राजू चौधरी अपने सौम्य व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण शहर में विशेष पहचान रखते थे. व्यापारिक क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण नाम रहा है. उनके असामयिक निधन से मधुपुर के व्यापारिक जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है. घटना पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की. वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटा व बेटी छोड़ गए है. राजू चौधरी के निधन के बाद शहर के कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर शोक व्यक्त किया गया। लोगों ने उन्हें एक सरल और कर्मठ व्यवसायी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।