डीसी सौरभ भुवानियां की अध्यक्षता में डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक संपन्न.
■ खनन प्रभावित क्षेत्रों के लिए कंगारू केयर यूनिट और एआई सेंटर को मिली मंजूरी.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : देवघर समाहरणालय में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में सोमवार, 13 जुलाईको जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के न्यास परिषद की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में दुमका सांसद नलिन सोरेन, देवघर विधायक सुरेश पासवान, मंत्री-विधायक के प्रतिनिधि, संबंधित पंचायतों के मुखिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी के तहत खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए जितनी भी योजनाएं बनें, उनका चयन पूरी पारदर्शिता के साथ ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की सहमति से हो। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार ही योजनाओं का चयन किया जाए ताकि सही मायने में विकास हो।
उन्होंने निर्देश दिया कि डीएमएफटी की राशि को उच्च प्राथमिकता और अन्य प्राथमिकता में बांटकर खर्च किया जाए।
उच्च प्राथमिकता में पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और महिला शिक्षा जैसे विषयों को रखा जाए।
बैठक में करौं, सारठ और पालोजोरी प्रखंडों के समेकित विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति दी गई।
बैठक में लिए गए मुख्य फैसले:-
- *तीनों ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों* में नवजात शिशुओं के लिए *कंगारू मदर केयर यूनिट* की स्थापना को मंजूरी।
- खनन प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को *साइबर सुरक्षा और AI में प्रशिक्षण* देने के लिए *सेंटर ऑफ एक्सीलेंस* बनाने की स्वीकृति।
- खन प्रभावित *पंचायतों और गांवों की सूची* तैयार करने के लिए सर्वे कराने का निर्णय।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि चल रही योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा किया जाए। बैठक में अब तक स्वीकृत योजनाओं और उनकी प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, डीएफओ अभिषेक भूषण, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, हेडक्वार्टर डीएसपी, पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित डीएमएफटी टीम और अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद थे।




