एसआइआर में बिना सत्यापन प्रपत्र-7 दाखिल करने का आरोप, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से जांच व कार्रवाई की मांग
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) -2026 के तहत मतदाता सूची में नामों को लेकर कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में हुसैनाबाद अनुमंडल के हैदरनगर प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, हैदरनगर के नाम देकर कुछ बीएलओ पर बिना समुचित सत्यापन के मतदाताओं के विरुद्ध प्रपत्र-7 दाखिल करने का आरोप लगाया है। आवेदन की प्रतिलिपि एसडीओ हुसैनाबाद, उपायुक्त पलामू एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड को भी प्रेषित की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि एसआइआर के दौरान क्षेत्र में कुछ पार्टी विशेष के लोगों एवं बिचौलियों द्वारा कुछ बीएलओ को उल्टा-पुल्टा समझाकर हस्ताक्षर करा कर या बिना हस्ताक्षर का भी कथित रूप से घर-घर जाकर वास्तविक स्थिति का समुचित सत्यापन किए बिना पात्र मतदाताओं के नामों को लेकर प्रपत्र-7 दाखिल किया जा रहा है। जबकि अलग-अलग क्षेत्रों में इस कार्य हेतु अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनियुक्त हैं। फिर भी व्यक्ति विशेष द्वारा गैरकानूनी कार्य किया जा रहा है।शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे ऐसे मतदाताओं के नाम भी प्रभावित होने की आशंका है, जो संबंधित क्षेत्र में निवास कर रहे हैं और नियमित रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करते रहे हैं।
आवेदन में कहा गया है कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। ऐसे में बिना उचित जांच-पड़ताल एवं सत्यापन के किसी मतदाता के नाम को हटाने अथवा हटाने की प्रक्रिया शुरू करने से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।शिकायतकर्ता ने प्रशासन से संबंधित बीएलओ द्वारा दाखिल किए गए प्रपत्र-7 की जांच कराने, मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही एसआइआर की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतते हुए किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना समुचित सत्यापन के मतदाता सूची से नहीं हटाए जाने का आग्रह किया गया है।मामले की प्रतिलिपि वरीय अधिकारियों को भेजे जाने से अब इस शिकायत पर प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर लोगों की नजर है। आवेदन देने वालों में नवाजिश खान, मोहम्मद परवेज अंसारी,वकार खान, नसीमुद्दीन, नूरुल हक, अशरफ हसन, फैयाज खान, गयासुद्दीन खान, महबूब आलम, राजू खान समेत कई शामिल थे।






